तीन दिवसीय जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ समापन
28 विद्यालयों के 540 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान के क्रीड़ांगण में 20 अक्टूबर से शुरू हुआ 76वां जनपदीय युवा क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समारोह-2026 धूमधाम से संपन्न हो गया। प्रतियोगिताओं में जनपद के 28 विद्यालयों के 540 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बनाया।
समारोह का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं वंदन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत कैप, बैज, खेल पत्रिका, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अतिथियों ने स्वागत संबोधन दिया। मुख्य अतिथि एसडीएम कादीपुर विनीत कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इसके बाद ध्वजारोहण और गुब्बारे छोड़ने के साथ प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। गत वर्ष की चैंपियन छात्रा अनुश्री सर्वोदय इंटर कॉलेज लंभुआ ने मशाल दौड़ में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह, प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अतुल सिंह आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रिले रेस, ऊंची कूद, लंबी कूद, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, ट्रिपल जंप जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। 4×400 मीटर रिले रेस प्रमुख आकर्षण रही। खेल सचिव दिलीप सिंह के निर्देशन में प्रतियोगिताओं का संचालन किया गया।
दौड़ प्रतियोगिताओं में सीनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के शिव कुमार निषाद, सीनियर बालिका वर्ग में हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर की सिमरन, जूनियर बालक वर्ग में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के वरुण और जूनियर बालिका वर्ग में एमजीएस इंटर कॉलेज, सुलतानपुर की छाया अग्रहरि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के मोहित यादव तथा बालिका वर्ग में हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर की प्रियांशी प्रथम रहीं।
एथलेटिक्स ओवरऑल चैंपियनशिप हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर ने जीती। संस्कृत ओवरऑल चैंपियनशिप श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज, कलान के नाम रही जबकि ओवरऑल गेम चैंपियनशिप एमजीएस इंटर कॉलेज, सुलतानपुर ने हासिल किया। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में अंडर-19 सीनियर बालक वर्ग में इंटर कॉलेज, धम्मौर के अनूप यादव प्रथम, सर्वोदय इंटर कॉलेज, लंभुआ के धर्मेंद्र कुमार द्वितीय और सरस्वती इंटर कॉलेज, उमरी के सूरज सिंह तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-17 जूनियर बालक वर्ग में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के वरुण प्रथम और श्री हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर के चंदन यादव द्वितीय रहे। अंडर-14 सब-जूनियर बालक वर्ग में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार के मोहित यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग की अंडर-19 सीनियर व्यक्तिगत चैंपियनशिप में बीपी इंटर कॉलेज, कुड़वार की अनुश्री मिश्रा प्रथम, श्री हनुमत इंटर कॉलेज, धम्मौर की श्रेया द्वितीय और अंशिका यादव तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-17 बालिका वर्ग में एमजीएस इंटर कॉलेज, सुलतानपुर की छाया अग्रहरि प्रथम, श्री चंद्र राजकीय इंटर कॉलेज, गोसाईगंज की अंशिका यादव द्वितीय और काजल तृतीय रहीं। अंडर-14 बालिका वर्ग में श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान की आराध्या यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया।













