HomeJaunpurJaunpur News: उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों पर जिला कृषि अधिकारी का औचक निरीक्षण

Jaunpur News: उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों पर जिला कृषि अधिकारी का औचक निरीक्षण

  • उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों पर जिला कृषि अधिकारी का औचक निरीक्षण

  • दो दुकानों के लाइसेंस किये निलम्बित

तेजस टूडे सं.
सौरभ सिंह
जौनपुर। जनपद में रबी फसलों की बुवाई के दृष्टिगत किसानों को निर्धारित दरों पर सुगमतापूर्वक उर्वरक उपलब्ध कराने एवं उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह द्वारा विभिन्न उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेसर्स किसान फर्टिलाइजर, नौपेड़वा, मेसर्स चौहान खाद भंडार, कलिंजरा बाजार, मेसर्स अमित कुमार अंकित कुमार, तेजीबाजार, मेसर्स रामानन्द प्रदीप कुमार, बरईपार तथा मेसर्स गुरु कृपा खाद भंडार, बरईपार का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान मेसर्स किसान फर्टिलाइजर, नौपेड़वा पर उर्वरकों की बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक बिक्री लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं मेसर्स रामानन्द प्रदीप कुमार, बरईपार के प्रतिष्ठान पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड, स्टॉक रजिस्टर एवं बिक्री रजिस्टर अपूर्ण पाए गए। इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठान पर फर्म का नाम भी अंकित नहीं मिला। इन कमियों के दृष्टिगत संबंधित प्रतिष्ठान का उर्वरक लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। मेसर्स गुरु कृपा खाद भंडार, बरईपार पर स्टॉक बोर्ड एवं रेट बोर्ड नहीं पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला कृषि अधिकारी ने स्थानीय कृषक विजय प्रताप, रामचन्दर यादव एवं विनोद यादव को अपनी उपस्थिति में उर्वरक का वितरण भी कराया जिससे किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

किसान निर्धारित मात्रा में ही खरीदें उर्वरक
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त किसान भाइयों से अपील किया कि वे अपने निकटतम उर्वरक बिक्री केंद्र से पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाकर अपनी जोत बही के अनुसार संस्तुत मात्रा में ही उर्वरक क्रय करें। उर्वरक प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला कृषि अधिकारी के कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 8419021250 पर पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

जनपद में उर्वरक का पर्याप्त भण्डार उपलब्ध
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार जनपद में वर्तमान में वितरण के लिए कुल 39,154.00 मीट्रिक टन यूरिया, 13,031.00 मीट्रिक टन डीएपी तथा 6,615.00 मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में यूरिया एवं फॉस्फेटिक उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। कृषकों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

 

 

 

 

Must Read