छठ अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य के साथ व्रतियों ने परिजनों के लिये की प्रार्थना

  • छठ अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य के साथ व्रतियों ने परिजनों के लिये की प्रार्थना

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। कार्तिक की साँझ का भारतीय लोकजीवन में एक अलग ही सौंदर्य है। वर्षा की विदाई के बाद आकाश की निर्मलता, धरती पर उतरती हल्की शीतलता, नदियों के जल में थिरकती सूर्य की सुनहरी किरणें और प्रकृति के कण-कण में बिखरी एक अनकही पवित्रता। इसी ऋतु में जब छठ का महापर्व आता है, तब गंगा, सरयू, गंडक, कोसी और असंख्य नदियों, सरोवरों तथा पोखरों के तट एक अद्भुत लोकसंस्कृति के जीवंत आँगन बन जाते हैं। कहीं पीली साड़ियों में सजी व्रती महिलाएँ, कहीं सिर पर बाँस के दउरे उठाए पुरुष, कहीं प्रसाद की टोकरियाँ सँभालते बच्चे, तो कहीं काँपते हाथों से दीपक जलाती वृद्धाएँ। वातावरण में अगरबत्ती की सुगंध, गीली मिट्टी की सौंधी महक और गन्ने के पत्तों की सरसराहट एक अनोखी आत्मीयता घोल देती है।

इन्हीं अनुभूतियों के बीच लोककंठ से उठने वाला मधुर स्वर- काँच ही बाँस के बहंगिया. मानो समूचे वातावरण को एक ऐसी लय में बाँध देता है जिसमें प्रकृति, परंपरा और मानवीय आस्था एकाकार हो जाती हैं। छठ की यही विशेषता है कि इसमें केवल कोई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न नहीं होता, बल्कि समूचा लोकजीवन अपनी स्मृतियों, विश्वासों और आकांक्षाओं के साथ उपस्थित होता है। जल में खड़ी वृद्धा, उसके समीप प्रसाद का सूप सँभालती बहू और हाथ जोड़कर दादी का अनुकरण करती पोती- ये किसी एक घाट अथवा किसी एक परिवार के दृश्य नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही उस सांस्कृतिक निरंतरता के प्रतीक हैं जिसमें एक पीढ़ी अपनी आस्था दूसरी को सौंपती है और अगली पीढ़ी उसे अपने जीवन का हिस्सा बना लेती है।
शायद संस्कृति इसी तरह जीवित रहती है- ग्रंथों के पृष्ठों से अधिक मनुष्य के आचरण, अनुभव और स्मृतियों में। छठ का सबसे विलक्षण पक्ष अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना है। संसार प्रायः उदय का स्वागत करता है। उगते हुए सूर्य के साथ सफलता, संभावना और समृद्धि के स्वप्न जोड़ता है किंतु छठ उस सूर्य के प्रति भी उतनी ही कृतज्ञता व्यक्त करता है जो अपनी दिनभर की यात्रा पूरी करके क्षितिज के पीछे विलीन हो रहा होता है। यह केवल पूजा की एक विधि नहीं, बल्कि जीवन के प्रति एक असाधारण दृष्टिकोण है। जो उदय हुआ है, उसका अस्त होना निश्चित है। जो आज शिखर पर है, उसे एक दिन नीचे उतरना होगा। यौवन के बाद वृद्धावस्था आएगी, उपलब्धियों के बाद विराम आएगा और प्रत्येक आरंभ अपनी पूर्णता की ओर बढ़ेगा किंतु अस्त होना व्यर्थ हो जाना नहीं है। सूर्य डूबता है, पर उसका महत्त्व समाप्त नहीं होता। छठ मानो मनुष्य से कहता है- जो तुम्हारे जीवन में उदय के समय सम्माननीय था, उसे अस्त के समय भी सम्मान देना सीखो। हमारे समाज को शायद इस दर्शन की सबसे अधिक आवश्यकता है। हम उगते व्यक्तियों के पीछे दौड़ते हैं और ढलते हुए लोगों को भूल जाते हैं। पद पर बैठे व्यक्ति का अभिनंदन करते हैं लेकिन पदमुक्त होते ही उसका सम्मान घटने लगता है। छठ का डूबता सूर्य इस प्रवृत्ति पर एक मौन प्रश्न है।