लायन्स क्लब जौनपुर के 10 दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में लाभान्वित हुये लोग
दृष्टि सम्बन्धित समस्याओं की जांच एवं उपचार से लोगों को दृष्टिहीनता से बचाया जा सकता है: डा. क्षितिज शर्मा
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। ग्लोबल विजन सेवा सप्ताह के अन्तर्गत लायन्स क्लब जौनपुर मेन द्वारा निःशुल्क विशाल नेत्र जांच शिविर लायन विजन सेन्टर कुमुद मदर चाइल्ड नर्सिंग होम ताड़तला पर हुआ जहां 112 लोगों के आंखों की जांच करके परामर्श दिया गया। कुछ को चश्मे का नम्बर बताया गया और 14 मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु मरीजों को चिन्हित किया गया।
इस मौके पर जीएटी एरिया लीडर डा. क्षितिज शर्मा ने कहा कि इस लायन विजन सेन्टर का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, लोगों को आंखों की नियमित जांच के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते नेत्र रोगों की पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है। दृष्टि सम्बन्धित समस्याओं की समय पर जांच और उपचार से अनेक लोगों को दृष्टिहीनता से बचाया जा सकता है। डॉ. शर्मा ने बताया कि शिविर के माध्यम से आमजन को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ आवश्यक जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील किया कि उज्ज्वल भविष्य हेतु स्पष्ट व स्वस्थ दृष्टि जरूरी है, इसलिए वे स्वयं नेत्र जांच करायें तथा अपने परिवार के बुजुर्गों, बच्चों और जरूरतमंद लोगों को भी शिविर में लाकर इसका लाभ दिलायें।
डा. अमित पाण्डेय ने कहा कि स्वस्थ आंखें स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन के लिये अत्यन्त आवश्यक हैं। समय-समय पर आंखों की जांच कराकर कई गम्भीर नेत्र समस्याओं से बचा जा सकता है। संस्थाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि यह शिविर 18 अक्टूबर तक निरन्तर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होता रहेगा, इसलिये अधिक से अधिक लोग इस निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का लाभ उठायें।
इस अवसर पर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा, रितेश गुप्ता, रंजना यादव, वीरेन्द्र मौर्य, संजय सिंघानिया, राजेन्द्र प्रताप सिंह, दिनेश यादव, जितेन्द्र कुमार, मोहम्मद अली, साकेत कुमार आदि सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।











