मानसिक स्वास्थ्य के बिना अधूरा है शारीरिक स्वास्थ्य: प्रो. अजय
जागरूकता का संदेश लेकर विद्यार्थियों ने बनायी मानव श्रृंखला
तीन दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ
तेजस टूडे सं.
विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के व्यावहारिक मनोविज्ञान विभाग द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अन्तर्गत आयोजित तीन दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिन शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के मुक्तांगन में मानव श्रृंखला बनाकर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया।
व्यावहारिक मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि मन और शरीर का संबंध समग्र स्वास्थ्य का अत्यंत महत्वपूर्ण पहलू है। व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ हो सकता है लेकिन यदि उसका मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है तो वह अपने शारीरिक स्वास्थ्य का भी पूर्ण लाभ नहीं उठा सकता। मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं तथा दोनों एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं। अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं पर माइंड-बॉडी रिलेशन का प्रभाव पड़ता है। इसलिए स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए मानसिक स्वास्थ्य को भी शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्व दिया जाना आवश्यक है।
सहायक आचार्य डॉ. अन्नू त्यागी ने कहा कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा मान्यता प्राप्त है जो मानसिक स्वास्थ्य की वैश्विक महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं और मानसिक स्थिति को समझने, अपनी समस्याओं पर खुलकर बात करने तथा आवश्यकता पड़ने पर परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से सहयोग लेने के लिए प्रेरित किया। इस वर्ष की थीम “जीवन के अनुभवों को सुना जाए: वास्तविक आवाज़, वास्तविक बदलाव” को केंद्र में रखते हुए तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सहायक आचार्य डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि जिस प्रकार शारीरिक स्वास्थ्य हमारे जीवन के लिए महत्वपूर्ण है, उसी प्रकार मानसिक स्वास्थ्य भी स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसमें विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उज्मा खान, संजीव यादव, प्रीती सिंह, उमम अंसारी, शम्भू नाथ, संतोष, पंकज सिंह सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।











