कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल, चालक फरार
तेजस टूडे सं.
राजेश पाल
धर्मापुर, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर पहेतिया गांव के पास बीती रात में तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गये। जानकारी के अनुसार केराकत थाना क्षेत्र के खरगसीपुर गांव निवासी संजय कुमार और भोनू एक बाइक से बीती रात में लगभग साढ़े दस बजे रात को जौनपुर से होते हुए केराकत के तरफ जा रहे थे। उसी दौरान गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर पहेतिया गांव के पास अज्ञात कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार संजय कुमार (32) और भोनू (28) सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहीं टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि अभी तक घायलों के परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।











