गन्दगी से कराह रहा जौनपुर, नगर पालिका के दावे फेल
बजबजाती नालियां दे रहीं बीमारियों को न्योता
शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था बदहाल
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन के दावों की जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही हैं। शहर के ओलन्दगंज, पुराना मछरहट्टा, चहारसू चौराहा सहित विभिन्न इलाकों में फैली गंदगी, बजबजाती नालियां और जगह-जगह जमा कूड़े के ढेर लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। नालियों से उठती तेज दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बदबू के बीच सरकारी कर्मचारि अपनी नियमित ड्यूटी करने को मजबूर है।
शहर के कई हिस्सों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से उनमें कचरा जमा है। गंदगी और दूषित पानी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही संक्रामक एवं संचारी रोगों का खतरा भी मंडराने लगा है। ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। जहां स्वच्छता अभियान के जरिए साफ-सुथरे शहर का संदेश दिया जाता है, वहीं सड़कों और नालियों की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं लेकिन नियमित सफाई के अभाव में कई स्थानों पर गंदगी जमा रहती है। नालियों की समय से सफाई नहीं होने के कारण दुर्गंध फैल रही है। इसका असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को दिनभर बदबू के बीच रहना पड़ रहा है।
सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में
शहरवासियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर नगर पालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था धरातल पर कब दिखाई देगी? क्या जिम्मेदार अधिकारी इन इलाकों का निरीक्षण कर नियमित सफाई सुनिश्चित करेंगे? लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नालियों की सफाई, कूड़े का नियमित उठान और दवा छिड़काव जैसी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा, ताकि शहरवासियों को गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके।











