HomeJaunpurJaunpur News: राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होंगे जौनपुर के डा. महिपाल सिंह

Jaunpur News: राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होंगे जौनपुर के डा. महिपाल सिंह

  • राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होंगे जौनपुर के डा. महिपाल सिंह

  • दिव्यांगजन सशक्तिकरण के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये हुआ चयन

  • ‘सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास पेशेवर’ श्रेणी में मिलेगा सम्मान

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। दिव्यांगजनों के जीवन में उम्मीद, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का उजाला भरने के लिए करीब 18 वर्षों से समर्पित डॉ. महिपाल सिंह को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने उन्हें वर्ष 2026 के दिव्यांगजन सशक्तिकरण राष्ट्रीय पुरस्कार की ‘दिव्यांगता के क्षेत्र में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास पेशेवर’ श्रेणी में चयनित किया है। आगामी 3 दिसम्बर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें सम्मानित करेंगी।जौनपुर के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के कैलावर गांव के मूल निवासी डॉ. महिपाल सिंह की इस उपलब्धि से जनपद का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। उन्हें चिकित्सा एवं पुनर्वास के क्षेत्र में राष्ट्रपति के हाथों इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किए जाने के लिए चयनित होने वाला जौनपुर का पहला चिकित्सक बताया जा रहा है।

18 वर्षों से दिव्यांगजनों के जीवन में ला रहे बदलाव
फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. महिपाल पिछले करीब 18 वर्षों से दिव्यांगजनों के पुनर्वास और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। व्यक्तिगत थेरेपी, पुनर्वास सेवाओं, सामुदायिक शिविरों और सहायक उपकरणों के वितरण के माध्यम से उन्होंने हजारों दिव्यांग बच्चों और वयस्कों को आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई है। उनके प्रयासों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने और समाज की मुख्य धारा से जोड़ना भी है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण पुनर्वास सेवाएं पहुंचाने के लिए उनके निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान उनके समर्पण, सेवा भावना और कार्यनिष्ठा का सम्मान है।

जौनपुर से राष्ट्रीय मंच तक का सफर
डॉ. महिपाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर के नेहरू बालोद्यान इंटरमीडिएट कॉलेज से प्राप्त की। कैलावर गांव से निकलकर पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान हासिल करना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके छोटे भाई दीपक सिंह जौनपुर में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। डॉ. महिपाल के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित होने की सूचना से पुनर्वास क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में हर्ष है। इसे जौनपुर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

 

 

 

 

Must Read