छठ पर्व को लेकर जिलाधिकारी ने घाटों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। छठ पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने सद्भावना पुल स्थित गोपी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने चेंजिंग रूम, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा। घाट पर साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित रखी जाय जिससे व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा पर्व के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनाये रखे। इस अवसर पर तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।











