सेवानिवृत्त शिक्षक महाबल यादव के निधन पर राज कालेज में हुई शोकसभा
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। नगर के राजा श्रीकृष्ण दत्त इण्टर कालेज के सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक महाबल यादव (93) का बुधवार को लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सम्मान में कालेज परिसर में शोकसभा आयोजित करके दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की गई तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गयी।
शोकसभा में प्रधानाचार्य डॉ. संजय चौबे ने कहा कि महाबल यादव अत्यन्त मृदुभाषी, अनुशासित एवं उत्कृष्ट शिक्षक थे। उनका पूरा जीवन शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित रहा। वे सदैव समय से विद्यालय पहुंचते थे और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते थे। अपने सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और शिक्षण शैली के कारण वे छात्र-छात्राओं के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
वहीं अन्य वक्ताओं ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि महाबल यादव का निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक आदर्श शिक्षक के रूप में उनके योगदान और अनुशासित जीवनशैली को सदैव याद किया जाता रहेगा। ज्ञात हो कि मूल रूप से धर्मापुर क्षेत्र के उत्तरगांवा गांव निवासी महाबल यादव इसी विद्यालय में अध्यापक रहे जीयाराम यादव के बड़े भाई थे। जीयाराम यादव भी राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हैं जो वर्तमान में कालेज के उप प्रबन्धक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शोकसभा में प्रेमचंद, डॉ. बृजेश सिंह, अंजनी श्रीवास्तव, रवि प्रकाश सिंह, डॉ रमेश चंद्र, राम प्रताप, बृजभूषण, राघवेंद्र सिंह, पवन साहू, राम प्रताप, अरविंद कुमार, डॉ नागेंद्र प्रसाद, अनिल यादव, यादव सुभाष, संजय विमल, रंजना चौरसिया, पूजा सिंह, ज्योति सिंह, रंजना प्रजापति, राजेश श्रीवास्तव, सुभाष मिश्र, अखिलेश मौर्य सहित कॉलेज के समस्त छात्र, छात्राएं, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत शिक्षक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।











