इन्दिरा मेमोरियल स्कूल में धूमधाम से मनी इन्दिरा गांधी की 109वीं जयंती
लगा नेत्र जांच शिविर, तमाम लोगों को किया लाभान्वित
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
सिरसागंज, फिरोजाबाद। स्थानीय नगर के इंदिरा मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। वहीं नेत्र जांच शिविर के साथ छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निर्देशिका मिथलेश राना एवं प्रधानाचार्य चन्द्रवीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करते हुये इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया। विद्यालय प्रबंधक जितेन्द्र सिंह, निर्देशिका एवं प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इंदिरा गांधी के साहस, दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। जयंती समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए कबड्डी, चेयर रेस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं आयोजित नेत्र जांच शिविर में विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई। इसके अलावा छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी जरूरी जानकारियां देकर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान छात्राओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड भी वितरित किये गये।











