मिशन शक्ति अभियान में 40 युवक पकड़े गये, 8 परिवारों के विवाद सुलझे
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर फिरोजाबाद में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत विशेष अभियान चलाया गया। गुरुवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण करके महिलाओं की सुरक्षा का जायजा लिया। इस दौरान छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार के मामलों में 40 युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं आपसी विवादों से परेशान आठ परिवारों के बीच बातचीत कराकर सुलह कराई गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में भी निगरानी रखी। महिलाओं और छात्राओं को परेशान करने तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले युवकों को रोककर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं पारिवारिक विवादों में महिला टीमों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर आपसी मतभेद दूर कराने का प्रयास किया। इसके परिणामस्वरूप आठ परिवारों के विवाद आपसी सहमति से सुलझाये गये। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को 1090, 181, 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत मदद ले सकें।











