HomeTrendingदाऊ दयाल महिला महाविद्यालय में हुआ जागरूकता कार्यशाला

दाऊ दयाल महिला महाविद्यालय में हुआ जागरूकता कार्यशाला

  • दाऊ दयाल महिला महाविद्यालय में हुआ जागरूकता कार्यशाला

तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। दाऊ दयाल महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की संयुक्त इकाइयों के तत्वावधान में जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया एवं ECINET ऐप के प्रति जागरूकता कार्यशाला की गई। कार्यक्रम प्राचार्या प्रोफेसर रेनू वर्मा के निर्देशन में हुआ जिसमें छात्राओं एवं महाविद्यालय स्टाफ को डिजिटल माध्यम से जनगणना और निर्वाचन संबंधी सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि मास्टर ट्रेनर जनगणना एवं ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु शर्मा तथा मास्टर ट्रेनर जनगणना अश्वनी सैलोनिया ने स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया समझाई। ऑनलाइन फॉर्म में शामिल 40 प्रश्नों को क्रमवार समझाते हुए जानकारी दर्ज करने और फॉर्म जमा करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। डॉ. हिमांशु शर्मा ने कहा कि जनगणना-2027 में स्व-गणना सुविधा डिजिटल भारत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपने और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से परिवार, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
वहीं ECINET ऐप के माध्यम से निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी गई। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराकर उसके उपयोग और उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में ‘नशा मुक्त युवा भारत, विकसित भारत-2047’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में तनु सिंह, भावना, शालू, ज्योति सागर, जाह्नवी, लक्ष्मी एवं नेहा ने अपने विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट वक्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। स्वयंसेविकाओं ने एनएसएस गीत प्रस्तुत किया तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन एवं संयोजन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधवी सिंह और डॉ. अंजु गोयल ने किया। कार्यक्रम में अभिषेक अग्रवाल, पंकज, रामब्रेश यादव आदि का विशेष सहयोग रहा।

 

 

 

 

Must Read