गोरखपुर की इन्दु का बैंकॉक में जलवा, नवरात्रि समारोह में बिखेरेंगी सुरों का जादू
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। पूर्वांचल की सांस्कृतिक प्रतिभा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने जा रही है। गोरखपुर की जानी-मानी गायिका इंदु गुप्ता थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा समारोह में अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्र—मुग्ध करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से गोरखपुर के कला जगत में उत्साह का माहौल है।
इंदु गुप्ता को बैंकॉक स्थित विष्णु मंदिर में आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक समारोह में आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन 11 से 20 अक्टूबर तक चलेगा। हिंदू धर्म सभा-विष्णु मंदिर एसोसिएशन, बैंकॉक की ओर से भारत के गायकों और संगीतकारों को इस समारोह में आमंत्रित किया गया है।
बता दें कि इंदु गुप्ता पिछले 25 वर्षों से आकाशवाणी एवं दूरदर्शन की उच्च श्रेणी की कलाकार हैं। इसके अलावा लगभग एक दशक से उन्हें संस्कृति निदेशालय उत्तर प्रदेश और संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाता रहा है।













