वित्तीय समावेशन एवं जनजागरूकता शिविर आयोजित
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। वित्तीय समावेशन अभियान के तहत ग्राम पंचायत रेवासा में विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाना और उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना था। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों अग्रणी जिला प्रबंधक,आशीष कुमार द्वारा प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत जीरो बैलेंस पर बैंक खाते खोलने,मिलने वाले रुपे डेबिट कार्ड और ओवरड्राफ्ट सुविधाओं की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से मात्र मामूली प्रीमियम पर मिलने वाले 2 लाख रुपये के जीवन बीमा कवर की प्रक्रिया समझाई गई। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बहुत ही कम वार्षिक प्रीमियम में दुर्घटना बीमा सुरक्षा प्राप्त करने के लाभ बताए गये। अटल पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र के कामगारों और ग्रामीणों को उनके बुढ़ापे को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए इस गारंटीड पेंशन योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। अन्य समस्त सरकार की विभिन्न प्रमुख वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि हर पात्र नागरिक इन योजनाओं का पूरा लाभ उठा सके। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई पात्र व्यक्तियों के मौके पर ही नए खाते व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित पंजीकरण किए गए।स्थानीय प्रशासन और वित्तीय साक्षरता सलाहकारों ने ग्रामीणों को समय पर बैंक खातों के लेन-देन, डिजिटल सुरक्षा और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की सलाह भी दी। इस पहल से ग्रामीणों में अपने वित्तीय भविष्य को लेकर एक नई जागरूकता देखने को मिली है। कैम्प में वरिष्ठ प्रबंधक प्रजीत कुमार, यूनियन बैंक शाखा जन्सो की मड़ई के शाखा प्रबंधक वरुन कुमार, रेवसा गाँव के ग्राम प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।










