कैंडल जलाकर दवा व्यवसायी को दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि

  • कैंडल जलाकर दवा व्यवसायी को दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि

तेजस टूडे ब्यूरो
चन्दौली। दीनदयाल उपाध्याय नगर में दिवंगत दवा व्यवसायी रोहित पाल की पुण्यतिथि पर शोक और श्रद्धांजलि सभा हुई। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में नगर के जीटी रोड स्थित पॉपुलर मेडिकल स्टोर पर आयोजित कार्यक्रम में दवा कारोबारियों और गणमान्य नागरिकों ने कैंडल जलाकर दिवंगत रोहित पाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें याद किया। श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने कैंडल जलाकर तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना किया।
गौरतलब है कि बीते वर्ष गोली लगने की दुखद घटना में दवा व्यवसायी रोहित पाल का निधन हो गया था। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में व्यापारियों और शुभचिंतकों ने उनके व्यक्तित्व, व्यवहार और दवा व्यवसाय के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किये। कार्यक्रम में वक्ताओं ने रोहित पाल को याद करते हुए कहा कि उनका मिलनसार व्यवहार और लोगों के प्रति आत्मीयता हमेशा याद की जाती रहेगी। उनकी असमय मृत्यु से दवा कारोबारियों और परिचितों को गहरा आघात पहुंचा था। श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से उपस्थित लोगों ने दिवंगत के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया।
इस अवसर पर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी और शहर के प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा में सिद्धार्थ पाल, प्रीति पाल, सिद्धान्त पाल, सौरभ जायसवाल, मनोज केशरी, डीके जायसवाल, सतनाम सिंह, पप्पू धनिया, मनोज जायसवाल, राज़कुमार गुप्ता, आशू जायसवाल, आलोक जायसवाल, टीके सिंह समेत सैकड़ों व्यापारी व नागरिक शामिल हुए। सभी ने रोहित पाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया।