किसानों को उन्नत खेती के लिये मिलेगा वैज्ञानिक मार्गदर्शन
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। जिले में किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा योजना) के अंतर्गत गर्वनिंग बोर्ड की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी रमेश रंजन ने किया। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और जिलेभर से आए किसान शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़ी नई तकनीक, वैज्ञानिक विधियों और उन्नत प्रबंधन के तरीकों से अवगत कराना था, ताकि वे अपनी फसलों की उत्पादकता और आमदनी में सुधार कर सकें। वैज्ञानिक सुभाष चंद्र ने उपस्थित किसानों को उन्नतशील खेती के विकास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फसल उत्पादन में सुधार के लिए जैविक खाद का अधिक उपयोग किया जाय और रासायनिक खाद का प्रयोग केवल आवश्यकता अनुसार हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि वैज्ञानिकों द्वारा दी गई जानकारी को किसान गंभीरता से आत्मसात करें और खेती में आधुनिक तरीकों को अपनाएं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे भ्रम में न आयें, क्योंकि जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है। यदि कोई निजी विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि मांगता है या कालाबाजारी करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आत्मा योजना के अंतर्गत खरीफ और रबी दोनों सीजन में जिले के 25-25 किसानों का चयन कर दो दिवसीय किसान-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें किसान अपनी समस्याएं सीधे वैज्ञानिकों के समक्ष रख सकेंगे और तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र प्रताप सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी समेत अन्य अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














