डाक्टर नदारद, पशु चिकित्सालय पर लटका ताला, इलाज के लिये भटक रहे पशुपालक
दोपहर 2:35 बजे बन्द हो गया राजकीय पशु चिकित्सालय हैंसर बाजार, विभागीय व्यवस्था पर उठे सवाल
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। पशुओं के बेहतर इलाज और देखभाल के लिए संचालित राजकीय पशु चिकित्सालय हैंसर बाजार खुद ही डॉक्टर और कर्मचारियों की राह देख रहा है। गुरुवार को दोपहर करीब 2:35 बजे तक अस्पताल परिसर में पशुपालन विभाग का कोई भी डॉक्टर अथवा कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। अस्पताल में जिम्मेदारों की अनुपस्थिति से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पशुपालन विभाग के इस अस्पताल का उद्देश्य क्षेत्र के पशुपालकों को समय पर उपचार और पशु चिकित्सा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है लेकिन निर्धारित समय के दौरान ही चिकित्सक और कर्मचारियों के न मिलने से पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहा है कि जब सरकारी अस्पताल में डॉक्टर और कर्मचारी ही उपलब्ध नहीं होंगे तो बीमार पशुओं का उपचार कैसे होगा? ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर अस्पताल में चिकित्सक और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग किया है।











