HomeTrendingअपनों के समझाने पर झट समझ आया, फाइलेरिया रोधी दवा खाया

अपनों के समझाने पर झट समझ आया, फाइलेरिया रोधी दवा खाया

  • अपनों के समझाने पर झट समझ आया, फाइलेरिया रोधी दवा खाया

  • जनपद के 10 ब्लाकों में 19 नवम्बर से 7 दिसम्बर तक खिलायी जायेगी फाइलेरिया से बचाव की दवा

तेजस टूडे ब्यूरो
विशाल रस्तोगी/अब्दुल शाहिद
सीतापुर। मूड़ा कलां गांव में जब आशा कार्यकर्ता सुशीला देवी के साथ प्रधान प्रतिनिधि, मौलाना और स्वयंसेवक एक साथ लोगों के बीच बैठे तो दवा से मना कर चुके कई चेहरों पर सोच की लकीरें उभर आईं। किसी ने बीमारी के खतरे गिनाए तो किसी ने दवा की जरूरत समझाई। बात असर कर गई। पहले इन्कार कर चुके 84 लोगों में से 15 ने न सिर्फ अपना फैसला बदला, बल्कि दवा का सेवन भी किया। यह वही भरोसा था जो अपनों की बातों से पैदा हुआ। अब यही भरोसा फाइलेरिया को जड़ से मिटाने की उस मुहिम की ताकत बन रहा है जो 19 नवंबर से जिले के 10 ब्लॉकों में शुरू होने जा रही है।

गांव की टोली ने बदली सोच
मूड़ा कलां में सुशीला देवी का साथ देने वालों में प्रधान प्रतिनिधि इशाद मोहम्मद, पंचायत सहायक जरुल्ल इशान, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) आदेश, मौलाना असरत अली और स्वयंसेवक लालजी शामिल रहे। सीएचओ और रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) की इस पहल का मकसद यही है कि हर पात्र व्यक्ति तक दवा पहुंचे। जिले के अन्य ब्लॉकों में भी पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को अभियान से जोड़ा जा रहा है।

19 नवम्बर से 7 दिसम्बर तक एमडीए
नोडल अधिकारी डॉ. दीपेन्द्र वर्मा ने बताया कि संक्रमण दर अधिक मिलने के कारण 10 ब्लॉकों में 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलेगा। घर-घर जाकर पात्र लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। लक्ष्य कुल 2201241 की आबादी को सुरक्षा कवच देने का है।

घर लौटे कामगारों पर नजर
दीपावली सहित अन्य त्योहारों पर घर आए कामगारों की वापसी से पहले 5 से 15 नवंबर तक विशेष अभियान चल रहा है। इसमें 96,310 प्रवासी कामगारों को दवा के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही 23,187 ऐसे लोगों को भी जोड़ा जा रहा है, जिन्होंने अब तक कभी दवा नहीं ली। पहले इन्कार कर चुके 35,801 लोगों से भी दोबारा संपर्क कर उनकी शंकाएं दूर की जा रही हैं।

तैयारियां पूरी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समदर ने बताया कि जिला स्तर पर दो डीसीसी बैठकें और प्रशिक्षण पूरे हो चुके हैं। मेडिकल कॉलेज को भी अभियान से जोड़ा गया है। निगरानी योजना बनाई गई है और पंचायत प्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं व सहयोगी संस्थाओं से समन्वय किया जा रहा है, ताकि लोगों की शंकाओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन तभी संभव है, जब सब मिलकर अभियान में भागीदारी निभायें।

लाइलाज बीमारी, दवा सेवन ही बचाव
जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों से फैलने वाली लाइलाज बीमारी है। जिले में अब तक 7,072 मरीज चिह्नित हुए हैं, जिनमें 3,985 हाथीपांव और 774 हाइड्रोसील से प्रभावित हैं। इस बार चिह्नित 10 ब्लॉकों की पूरी आबादी को बचाव की दवा खिलाकर सुरक्षा कवच देने का लक्ष्य है।

 

 

 

 

Must Read