इमामों एवं मोअज्जिनों पर कार्यवाही से नाराज चेयरमैन खुर्शीद मंसूरी
असपा प्रतिनिधिमण्डल ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
तेजस टूडे ब्यूरो
बिजनौर। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के मुरादाबाद मंडल प्रभारी एवं साहनपुर नगर पंचायत चेयरमैन खुर्शीद मंसूरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई से मुलाकात किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अज़ान के संबंध में इमामों और मोअज्जिनों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और इस विषय पर संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की बात रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि धार्मिक गतिविधियों से जुड़े मामलों में संबंधित धार्मिक स्थलों की कमेटियों और जिम्मेदार लोगों के साथ बातचीत कर स्थिति को समझा जाना चाहिए। इमामों और मोअज्जिनों के साथ अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। वहीं पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर लगे साउंड सिस्टम की आवाज परिसर के अंदर ही रहनी चाहिए। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इस विषय पर अपनी बात रखते हुए प्रशासन और धार्मिक स्थलों के जिम्मेदार लोगों के बीच आपसी संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर अब्दुल्ला गुलज़ार, जीशान मुल्तानी, परवेज़, अहसान मंसूरी, साइम, साजिद मकरानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।













