HomeTrendingपात्र युवाओं व महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिये...

पात्र युवाओं व महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिये राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

  • पात्र युवाओं व महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिये राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

तेजस टूडे ब्यूरो
अम्बेडकरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र नागरिकों, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा महिलाओं के नाम दर्ज कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे विशेष अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने प्रत्येक मतदेय स्थल (बूथ) पर अनिवार्य रूप से बूथ लेवल एजेंट की तैनाती करने तथा उनकी सूची शीघ्र अति शीघ्र जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने राजनीतिक दल के पदाधिकारियों से कहा कि वे 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं तथा विवाह के उपरांत जिले में आईं उन महिलाओं को चिह्नित कर उनका फॉर्म-6 भरवाने में मदद करें, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि बीएलए अपने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पंजीकरण प्रक्रिया को गति दें, ताकि कोई भी अर्ह नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहने पाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय वर्मा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

Must Read