HomeTrendingदिव्यता एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह

दिव्यता एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह

  • दिव्यता एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह

  • 536 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणा से प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में सोमवार को दिव्यता, भव्यता एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सामूहिक विवाह समारोह किया गया। सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी राकेश पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के कुल 536 नवदम्पत्तियों का विवाह सम्पन्न कराया गया। इनमें 534 हिन्दू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक विवाह सम्पन्न हुआ जबकि 2 मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया।
समारोह में नवदम्पत्तियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई पारी की शुरुआत की। कार्यक्रम में डीएम, सीडीओ सहित उपस्थित अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं खुशहाल दाम्पत्य जीवन की कामना की। शासन की ओर से आर्थिक सहायता एवं उपहार सामग्री उपलब्ध कराकर पात्र परिवारों को बेटियों के विवाह के अवसर पर सहयोग प्रदान किया गया।
प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता, गरीब परिवारों को मिला संबल जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल गृहस्थ जीवन की कामना किया। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह को सम्मानजनक ढंग से सम्पन्न कराने के साथ ही परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये की सहायता राशि एवं आयोजन व्यय की व्यवस्था की गई है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के दाम्पत्य जीवन की खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए उसके खाते में अंतरित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रति जोड़ा उपलब्ध कराई जाती है। वहीं भोजन, पण्डाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आयोजन की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा व्यय किया जाता है। पूर्व में योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा 51 हजार रुपये की व्यवस्था थी जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। इससे पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के साथ विवाह समारोह को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग मिल रहा है।

11 विकास खण्डों एवं 8 नगरीय निकायों के लाभार्थियों का हुआ विवाह
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 12 अक्टूबर को आयोजित समारोह में कुल 536 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। इसके लिए जनपद के 11 विकास खण्डों एवं 8 नगरीय क्षेत्रों से पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त हुए थे। ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत महराजगंज, हरैया, बिलरियागंज, अजमतगढ़, कोयलसा, अतरौलिया, सठियांव, जहानागंज, पल्हनी, रानी की सराय एवं मोहम्मदपुर विकास खण्डों के लाभार्थी शामिल हुए। नगरीय क्षेत्र के अंतर्गत नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत अतरौलिया, बिलरियागंज, बूढ़नपुर, महराजगंज, आजमगढ़, अजमतगढ़ एवं जीयनपुर से आवेदन प्राप्त हुए थे। योजना का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना तथा सामाजिक समरसता, समानता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है। सामूहिक विवाह के माध्यम से विभिन्न समुदायों के पात्र जोड़ों को सम्मानजनक वातावरण में विवाह का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

 

 

 

 

Must Read