हरियाणा रोडवेज बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
दीपक कुमार
कैराना, शामली। एक दिन पूर्व बुलेट बाइक सवार किशोर समेत तीन युवकों को मौत की नींद सुलाने वाले हरियाणा रोडवेज बस के चालक के विरुद्ध पुलिस ने मृतक युवक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। विदित रहे कि विगत सोमवार को कस्बे के शामली बाईपास पर स्थित फ्लाईओवर के सामने हरियाणा रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस ने बुलेट बाइक पर सवार तीन युवकों को कुचल दिया था, जिनमें एक 16 वर्षीय किशोर भी शामिल था।
हादसे में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के पश्चात आरोपी चालक बस समेत मौके से फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के पश्चात देर रात्रि घर पहुंचे तीनों मृतकों के शवों को देखकर परिजनों में हाहाकार मच गया। बाद में तीनों मृतकों के शवों को गमगीन माहौल में निकट स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। हादसे से मृतकों के घरों एवं मोहल्लों में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घरों पर ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा हुआ है। वहीं कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह कसाना का कहना है कि सड़क दुर्घटना के मामले में मृतक युवक आसिफ के पिता सईद की तहरीर पर बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














