रात के अंधेरे में कार को किया राख, 3 लाख की लगी चपत
सीसीटीवी में संदिग्ध की गतिविधियां कैद
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। भिवंडी शहर के व्यस्त तीन बत्ती मार्केट स्थित मछली चौक के सामने खड़ी एक मारुति सुजुकी कार में देर रात आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में वाहन मालिक को करीब 3 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। घटना को लेकर कार में जान—बूझकर आग लगाये जाने का संदेह जताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कार मालिक नौशाद मोहम्मद आलम अंसारी ने 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे अपनी कार मछली चौक के सामने पार्क की थी। सब कुछ सामान्य था लेकिन 13 नवंबर की सुबह करीब 4:45 बजे उन्हें फोन पर कार में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
सीसीटीवी फुटेज ने बढ़ाया शक
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में नीली टी-शर्ट और लाल पैंट पहने एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने की बात सामने आई है। शिकायतकर्ता ने इसी व्यक्ति पर कार में आग लगाने का संदेह जताया है हालांकि संदिग्ध की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस जांच में जुटी भिवंडी शहर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 326(एफ) और 324(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सुरेश राव कर रहे हैं अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह महज आगजनी की घटना है या किसी पुरानी रंजिश के चलते कार को निशाना बनाया गया।











