मुकेश तिवारी
झांसी। झांसी-ललितपुर-जालौन सीट से लगातार दूसरी बार रमा निरंजन एमएलसी बन गई। वह विधानसभा चुनाव से चंद दिनों पहले सपा छोड़कर भापजा में आई थीं। इस बार भाजपा से टिकट लेकर उन्होंने दो बार एमएलसी रहे सपा प्रत्याशी श्याम सुंदर सिंह यादव को 579 वोट से हराया है।
भाजपा की उम्मीदवार रमा निरंजन ने सपा के प्रत्याशी श्यामसुन्दर सिंह को करारी शिकस्त दी, भाजपा प्रत्याशी रमा निरंजन को कुल 2092 मत मिले जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार श्यामसुंदर सिंह पारीछा को 1513 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार ने सपा प्रत्याशी को 579 मतों के अंतर से हराया। कुल 3787 मतों में से 151 अवैध पाये गये। वहीं कुल 3636 वैध मतों में से भाजपा उम्मीदवार ने 2092 मत पाकर जीत हासिल की। इनके अलावा झांसी से निर्दलीय उम्मीदवार दातार सिंह और तेज प्रताप सिंह ने भी दावेदारी पेश की थी। इन दोनों उम्मीदवारों को क्रमशः 14 और 17 वोट मिले। इस सीट से चार उम्मीदवारों के मैदान में होने के बावजूद मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच ही माना जा रहा था। एमएलसी चुनाव के लिए मतदान 09 अप्रैल को हुआ था। तीनों जनपदों में मिलाकर 98.90 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान प्रक्रिया में सांसद, विधायक, नगर निकाय के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान समेत जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, जिला पंचायत सदस्य और नगर निगम के पार्षदों ने मतदान में हिस्सा लिया था।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।