बीबीडी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
तीन शातिर चोर को किया गिरफ्तार
अखिलेश श्रीवास्तव
लखनऊ। पूर्वी जोन पुलिस ने गुरुवार को दो ऐसे अलग-अलग गैंग का पर्दाफाश किया है जो बंद फ्लैटों में चोरी और लोगों के घरों में ड्राइवरी का काम कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों गिरोह के पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हापुड़ निवासी आरिफ उर्फ कल्लू (53), रईश (46), मेरठ निवासी मुस्तकीम (25), बाराबंकी निवासी विजय कुमार (28) और राजन गुप्ता (28) के रूप हुई है जबकि 3 आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
बन्द फ्लैट को बना रहे थे निशाना
डीसीपी पूर्वी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि बीते 13 अक्टूबर को बीबीडी थाना पुलिस को दिलीप यादव ने तहरीर में बताया था कि फैजाबाद रोड स्थित गोयल हाइट्स टावर-9 के फ्लैट नंबर 702 का ताला तोडक़र चोरों ने जेवरात और कैश पर हाथ साफ कर दिया है। वहीं 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन योजना कैलाश इंक्लेव निवासी हेमंत कुमार ने बताया था कि उनके फ्लैट का ताला तोडक़र जेवरात और कैश चोरी हो गया है जिसके बाद क्राइम ब्रांच और बीबीडी थाना पुलिस की ज्वाइंट टीम आरोपी आरिफ, रईश और मुस्तकीम को सीक्रेट इंफारमेशन पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक्टिवा, एक अवैध पिस्टल, प्वाइंट 32 बोर के जिंदा कारतूस, कैश समेत जेवरात बरामद किया है।
मास्टरमाइण्ड पर दर्ज हैं 32 मुकदमे
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड आरिफ है। ये लोग नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में बंद फ्लैटों में रेकी करते थे और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चोरी के के कैश को आपस में बराबर हिस्से में बांट लिया करते थे। वहीं जेवरात को मेरठ निवासी नीटम को बेच दिया करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लाइफ स्टाइल को बेहतर बनाने के लिए चोरी करते थे। वहीं इन तीनों के अलावा इनके गैंग में शामिल नई दिल्ली कुरैजी निवासी इज्जत अली, मेरठ निवासी मैनुद्दीन और जेवरात खरीदने वाले आरोपी नीटम की धरपकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। आरोपी आरिफ के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद समेत अन्य शहरों में चोरी के 32, मुस्तकीम पर एक और रईस पर हापुड़ और लखनऊ के थानों में कुल 4 मुकदमें दर्ज है।
सफलता पाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक परमानंद सिंह, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज सिंह, डीसीपी पूर्वी क्राइम टीम के हितेश कुमार शामिल रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।


















