बोतल, प्लेट एवं कप पर चितेरी पेंटिंग से कलाकृतियां तैयार
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। राजकीय संग्रहालय झाँसी में चल रही 10 दिवसीय टेराकोटा पेंटिंग वर्कशॉप के नौवें दिन प्रतिभागियों ने मिट्टी से बनी बोतल, प्लेट और चाय के कप पर पारंपरिक चितेरी पेंटिंग कर उन्हें अंतिम रूप दिया। इन खूबसूरत कलाकृतियों को बाजार में बिक्री के लिए तैयार किया गया है।
वर्कशॉप में प्रतिभागियों को न केवल टेराकोटा उत्पादों पर पारंपरिक चितेरी चित्रकारी करने की कला सिखाई गई, बल्कि अपनी मेहनत और रचनात्मकता से उन्होंने इन उत्पादों को सजाकर एक आकर्षक और बाजार योग्य रूप दिया है जिससे ये उत्पाद स्थानीय और बाहरी बाजारों में अपनी अलग पहचान बना सकेंगे। डॉ मनोज गौतम उप निदेशक ने बताया कि इन टेराकोटा कलाकृतियों को स्थानीय बाजारों, शिल्प मेलों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बेचने की तैयारियां की जा रही हैं। इससे न केवल ग्रामीण कारीगरों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि चितेरी पेंटिंग कला को नए बाजार और ग्राहकों से भी जोड़ा जा सकेगा। इस वर्कशॉप के माध्यम से ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे अपनी कला को सफल व्यवसाय में बदल सकेंगे। इस पहल से न केवल स्थानीय कला का संरक्षण होगा, बल्कि कारीगरों को आत्मनिर्भर बनने का मार्ग भी मिलेगा। कार्यशाला का अंतिम दिन 27 मई को होगा जिसमें सुबह 10:30 बजे वर्कशॉप का समापन होगा। इसी दिन प्रतिभागियों द्वारा तैयार सभी कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जिसे स्थानीय लोग और आगंतुक भी देख सकेंगे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









