प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी ने दूल्हे पर फेंका तेजाब, मची अफरा-तफरी | #TejasToday
963154
प्रेमिका की शादी से नाराज प्रेमी ने दूल्हे पर फेंका तेजाब, मची अफरा-तफरी | #TejasToday
लखीसराय।शादी के मंडप पर ही दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे पर तेजाब फेंक दिया। यह घटना मंगलवार की रात लखीसराय के हलसी थाना क्षेत्र के ककरौरी गांव में घटित हुई है। शेखपुरा के भदौंस गांव से बारात लखीसराय गई थी। घायल दूल्हे नवीन कुमार को लखीसराय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बारात में शामिल लोगों ने तेजाब फेंकने वाले प्रेमी को पकड़कर पहले तो जमकर पिटाई की। बाद में घटना की सूचना पाकर हलसी थाने की पुलिस पहुंची जो लोगों के चंगुल से आरोपी को छुड़ाकर थाने ले गई। बताया जाता है कि शेखपुरा के सिरारी ओपी के भदौस गांव से नवीन कुमार की बारात लखीसराय के ककरौरी गांव गई थी।
बारात में सभी विधि विधान के बाद दूल्हा जैसे ही शादी के मंडप पर बैठाया गया, तभी गांव के ही बुद्धन बिंद का पुत्र मिथुन कुमार तेजाब से भरी बोतल लेकर पहुंचा और दूल्हे पर फेंक दी। घटना में नवीन का चेहरा एवं शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। दूल्हे के भाई विकास कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल नवीन को इलाज के लिए लखीसराय के ही सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दूल्हे के भाई ने बताया कि आरोपी को पकड़कर जब लोगों ने पूछताछ की तो उसने कहा कि दुल्हन से उसका काफी दिनों से प्रेम संबंध था। घरवाले उसकी प्रेमिका की शादी जबरदस्ती कर रहे थे। सभी को सबक सिखाने की नीयत से उसने जानबूझकर शादी के मंडप में ही तेजाब फेंकने की घटना को अंजाम दिया है। इधर, हलसी थाने की पुलिस ने बताया कि इस मामले में घायल के फर्द बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।