HomeTrendingमानकों की अनदेखी कर सड़क मरम्मत कराने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

मानकों की अनदेखी कर सड़क मरम्मत कराने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

  • मानकों की अनदेखी कर सड़क मरम्मत कराने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

  • स्वीकृत चौड़ाई से कम बनायी जा रही सड़क, अधिकारियों से जांच एवं कार्यवाही की मांग

तेजस टूडे सं.
प्रेमचन्द
सिद्धौर, बाराबंकी। गांव की सड़कें केवल आवागमन का रास्ता नहीं होतीं, बल्कि ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी और विकास की उम्मीदों का आधार भी होती हैं लेकिन जब विकास कार्यों में ही मानकों की अनदेखी होने लगे तो लोगों का नाराज होना लाजिमी है। ऐसा ही मामला विकास खंड सिद्धौर की ग्राम पंचायत कन्हवापुर में सामने आया है। यहां मंडी समिति की ओर से बनवाई गई करीब 1400 मीटर लंबी डामर रोड की मरम्मत को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। स्वीकृत अभिलेखों में सड़क की चौड़ाई 3.30 मीटर निर्धारित है जबकि ठेकेदार मौके पर महज 3 मीटर चौड़ी सड़क की मरम्मत करा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की चौड़ाई में 30 सेंटीमीटर की यह कमी भले ही कागजों पर छोटी नजर आये लेकिन इसका सीधा असर गांव के लोगों के आवागमन पर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि सड़क की चौड़ाई कम होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी होगी। साथ ही सड़क के संकरे होने से भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ सकती है। उनका कहना है कि जब सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए सरकारी धन खर्च किया जा रहा है तो काम भी तय मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि गांव के लोगों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके।
इस मामले को लेकर रामशरण रावत, गंगाराम पाल, बृजेश कुमार समेत तमाम ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए निर्धारित 3.30 मीटर चौड़ाई के अनुसार ही सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और मानकों के विपरीत काम पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की अपील की है। अब ग्रामीणों की निगाहें जिम्मेदार अधिकारियों पर टिकी हैं कि उनकी शिकायत पर कब संज्ञान लिया जाता है।

 

 

 

 

Must Read