899 बीएलओ एवं 85 सुपरवाइजरों का हुआ प्रशिक्षण

  • 899 बीएलओ एवं 85 सुपरवाइजरों का हुआ प्रशिक्षण

  • प्रत्येक पात्र का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना हमारी प्राथमिकता: डीएम

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। हिन्द मेडिकल कॉलेज स्थित ऑडिटोरियम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 268-बाराबंकी एवं 269-जैदपुर के बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस संकल्प के साथ कार्य करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ अपने बूथ से संबंधित बूथ लेवल एजेंट के निरंतर संपर्क में रहे तथा बिना किसी भेदभाव के आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप उनसे समान रूप से सहयोग प्राप्त करें। प्रत्येक बीएलओ को अपने बूथ के ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की विसंगति को समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं तथा नवविवाहित महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर प्राथमिकता से ध्यान देने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि राजस्व ग्राम के प्रत्येक मजरे में मतदाता सूची का अनिवार्य रूप से पढ़कर सत्यापन किया जाय जिससे कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। सभी बीएलओ अपने मोबाइल नंबर सहित रजिस्टर को अद्यतन रखें तथा पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त होने वाले प्रत्येक फॉर्म को प्रतिदिन अनिवार्य रूप से डिजिटाइज करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्य में प्रत्येक स्तर पर पूरी सावधानी बरती जाए तथा आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी निरंकार सिंह ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। सभी बीएलओ अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए घर-घर संपर्क एवं मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य पूरी सावधानी से करें। प्रशिक्षण में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 269-जैदपुर के 460 बीएलओ एवं 45 सुपरवाइजर तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 268-बाराबंकी के 439 बीएलओ एवं 40 सुपरवाइजर सहित कुल 899 बीएलओ एवं 85 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।