प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी का आरोप
पात्रों को लाभ दिलाने के लिये जिलाधिकारी से शिकायत
तेजस टूडे सं.
प्रेमचन्द
सिद्धौर, बाराबंकी। स्थानीय विकास खंड की ग्राम पंचायत मीरापुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चयन को लेकर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में गांव निवासी मोहम्मद रईस पुत्र स्व. मोहम्मद शब्बीर ने जिलाधिकारी बाराबंकी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग किया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र और अपात्र लाभार्थियों के चयन में नियमों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि कुछ ऐसे लोगों के नाम भी आवास आवंटन की सूची में शामिल किए जा रहे हैं जिनके पास पहले से पक्के मकान, गाड़ियां और पर्याप्त कृषि भूमि मौजूद है। वहीं दूसरी ओर वास्तविक पात्र एवं गरीब भूमिहीन परिवारों को योजना के लाभ से वंचित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने ग्राम प्रधान प्रशासक एवं संबंधित पंचायत कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि पात्रता सूची का निष्पक्ष सत्यापन नहीं कराया गया है। इससे जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। मोहम्मद रईस ने जिलाधिकारी से मांग किया कि ग्राम पंचायत मीरापुर में प्रधानमंत्री आवास योजना की वर्तमान पात्रता सूची की किसी उच्चस्तरीय अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही लाभार्थियों के मकानों एवं आर्थिक स्थिति का मौके पर जाकर सत्यापन कराया जाए। यदि जांच में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाए और वास्तविक पात्र गरीब परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाय।











