HomeTrendingनारी सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण का नया संकल्प

नारी सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण का नया संकल्प

  • नारी सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण का नया संकल्प

  • हरदोई में मिशन शक्ति फेज-6.0 में निकली भव्य रैली

तेजस टूडे ब्यूरो
अमित त्रिवेदी
हरदोई। जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का पुलिस लाइन में भव्य शुभारम्भ किया गया। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती द्वारा महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की जागरूकता पैदल रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राहुल पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के शुभारम्भ पर आयोजित जागरूकता रैली के माध्यम से समाज में महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, नारी सम्मान एवं महिला सशक्तीकरण का संदेश प्रसारित किया गया। रैली में महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की सहभागिता महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अन्तर्गत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
राज्यमंत्री ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों, महिला हेल्पलाइन तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के दृष्टिगत सतर्कता बरतने तथा जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
हरदोई पुलिस की आमजन से अपील है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करने में सक्रिय सहभागिता निभाएं। किसी भी प्रकार की महिला उत्पीड़न सम्बन्धी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

 

 

 

 

 

Must Read