लाउडस्पीकर मामले को लेकर पूर्व चेयरमैन मोअज्जम के नेतृत्व में मिला प्रतिनिधिमण्डल, सौंपा ज्ञापन
तेजस टूडे ब्यूरो
नजीबाबाद, बिजनौर। नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद मोअज़्ज़म ख़ान के नेतृत्व में बार संघ नजीबाबाद के पदाधिकारियों एवं अधिवक्तागण ने ज़िलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाक़ात करके विगत 10 अक्टूबर को ‘मकबरा वाली मस्जिद’ के मुअज़्ज़िन के विरुद्ध पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही पर गहरी नाराज़गी व्यक्त किया। ज्ञापन सौंपते हुये लाउडस्पीकर के मामले में अपनी माँगें व सुझाव रखे। इस मामले में ज़िलाधिकारी ने तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपजिलाधिकारी नजीबाबाद से जवाब तलब किया कि जब संबंधित धारा ज़मानती थी तो मस्जिद के मुअज़्ज़िन को जेल भेजने का औचित्य क्या था? उन्होंने यह भी कहा कि उच्च न्यायालय ऐसे मामलों में पेनल्टी लगाकर उसकी धनराशि संबंधित अधिकारी के वेतन से वसूलने की शक्ति रखता है।
ज़िलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में संयम एवं व्यावहारिकता बरती जाए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि बार संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के संबंध में वह पुलिस अधीक्षक से वार्ता करेंगे। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने उनके समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मुअज़्ज़िन को जेल भेजा जाना अनुचित था। इस पर पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि ज्ञापन में दिए गए सुझावों पर ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा तथा कानून को ध्यान में रखते हुए न्यायसंगत निर्णय लिये जायेंगे।
इस अवसर पर नजीबाबाद के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद मोअज़्ज़म ख़ान के साथ बार संघ के अध्यक्ष क़सीम अहमद एडवोकेट, महासचिव नदीम अहमद एड, जावेद सिद्दीक़ी एड, लोकेन्द्र सिंह चौहान उपस्थित रहे।













