सात गौशालाओं तक पहुंचेगी पक्की सड़क, ब्लाकों में रोज होगी जनसुनवाई

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। मुख्य विकास अधिकारी योगानंद पांडेय ने बताया कि जिले की 7 गौशालाएं ऐसे स्थानों पर हैं जहां पहुंचना कठिन है। इन सभी गौशालाओं तक सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। गौशालाओं में स्वच्छता के लिए पराली लाओ, खाद ले जाओ अभियान चलाया गया है। इसके तहत किसानों से पराली लेकर गौशालाओं में इस्तेमाल किया जाएगा और गोबर से बनी खाद किसानों को दी जाएगी। इससे किसानों को पराली जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा। चारे की निगरानी के लिए अब चारा बोरियों में रखा जाएगा और हर बोरी पर नंबर अंकित किया जाएगा जिससे दैनिक खपत का हिसाब रखा जा सके। सीडीओ ने बताया कि जिले के सभी 15 ब्लाकों के खंड विकास अधिकारियों को सुबह 10 से 12 बजे तक ब्लाक मुख्यालय पर जनसुनवाई के लिए बैठने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी मॉनिटरिंग मुख्यालय से की जाएगी और वे स्वयं सुबह 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़कर समीक्षा करेंगे। महेवागंज से एलआरपी तक सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को हटाने के लिए विद्युत विभाग से बातचीत के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही टेंडर खोलकर खंभे हटाये जायेंगे।







