खेल मैदान में उतरे 2185 खिलाड़ी, विधायक ने खेल स्पर्धा का किया शुभारम्भ
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। बीएचईएल ग्राउंड में आयोजित बबीना विधानसभा क्षेत्र की विधायक खेल स्पर्धा के पहले दिन 2185 खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया। विधायक राजीव सिंह पारीछा ने खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुये बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामना दिया। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने मार्च पास्ट की सलामी ली और सद्भावना के प्रतीक गुब्बारे उड़ाए। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। कबड्डी और वॉलीबॉल में बड़ागांव इंटर कॉलेज, चिरगांव और नगर पालिका इंटर कॉलेज बरुआसागर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में गरिमा राजपूत, नीलू पाल, स्वदेश राजपूत, साहिल, साधना यादव, प्राची राजपूत और तमन्ना समाधिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र, शील्ड एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक रिजवान फैजल सिद्दीकी सहित अनेक गणमान्य लोग, शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं पीआरडी जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजीव त्रिपाठी ने किया।











