HomeTrendingखीरी में 192 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

खीरी में 192 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

  • खीरी में 192 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

  • सामूहिक विवाह समारोह में गूंजी शहनाई, नौ मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी हुआ

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिला मुख्यालय स्थित डीएस कॉलेज में सोमवार को 192 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 7 फेरों और निकाह की रस्मों के साथ नवदंपतियों ने नई जिंदगी की शुरुआत की। सजे मंडप, शहनाई की गूंज और परिजनों की मौजूदगी ने समारोह को खुशियों से सराबोर कर दिया। समारोह में नौ मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक योगेश वर्मा, सीडीओ योगानंद पाण्डेय और विकास खंड लखीमपुर की प्रशासक दिव्या सिंह ने दीप प्रज्वलित करके किया। अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

जरूरतमन्द परिवारों के लिये सहारा बनी योजना: योगेश वर्मा
विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी है। योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी में सरकार सहभागी बन रही है जिससे परिवारों को आर्थिक संबल मिल रहा है। उन्होंने नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आपसी विश्वास, प्रेम और सहयोग के साथ अपने परिवार को आगे बढ़ाएं। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

सामाजिक समरसता एवं सम्मान का प्रतीक है सामूहिक विवाह: सीडीओ
सीडीओ योगानंद पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के कमजोर वर्गों को संबल देने के साथ सामाजिक समरसता और समानता की भावना को मजबूत करती है। सामूहिक विवाह समारोह विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव और सहयोग का संदेश देते हैं। उन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जीवन की नई पारी की शुरुआत सकारात्मक सोच, आपसी समझ और पारिवारिक मूल्यों के साथ करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिये संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से कार्य करने का संदेश दिया।

लखीमपुर ब्लाक के सर्वाधिक 109 जोड़े शामिल
समारोह में विकास खंड लखीमपुर के 109, नकहा के 66, नगर पालिका परिषद लखीमपुर के 14 और नगर पंचायत खीरी टाउन के तीन जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस प्रकार कुल 192 जोड़े वैवाहिक जीवन में बंधे। कार्यक्रम का पर्यवेक्षण निदेशालय से कार्यक्रम हेतु नामित पर्यवेक्षक जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) हरदोई ने किया। कार्यक्रम की संयोजक जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग देना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को विवाह के अवसर पर सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

 

 

 

 

 

Must Read