श्री मारकण्डेश्वर महादेव मन्दिर में हनुमान जन्मोत्सव पर होगा पूजन
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्विनी वालिया
कुरुक्षेत्र, हरियाणा। मारकंडा नदी के तट पर स्थित श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी (काली चौदस व नरक चतुर्दशी) पर हनुमान जन्मोत्सव 7 नवम्बर दिन शनिवार को मनाया जाएगा। अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि 7 नवम्बर का दिन विशेष है जिस दिन भगवान श्रीराम भक्त वीर हनुमान एवं सूर्यपुत्र शनिदेव का ध्यान व पूजन करना विशेष महत्वपूर्ण व फलदायी है। उन्होंने बताया कि महावीर बजरंगबली को सिंदूर, चमेली का तेल, लड्डू, पान बीड़ा और फल अर्पित किए जायेंगे। इस दिन विशेष रूप से हनुमान चालीसा, सुंदर कांड और मंत्रों का जाप भी होगा। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि इस दिन पूजा करने से बल, बुद्धि, साहस की प्राप्ति और संकटों से मुक्ति मिलती है। इसे दिवाली से एक दिन पहले छोटी दिवाली या काली चौदस के साथ ही मनाया जाता है।











