सरदार पटेल का सम्पूर्ण जीवन देश की एकता, अखण्डता, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं राष्ट्रसेवा का है अनुपम उदाहरण: श्रवण
स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखण्ड भारत के निर्माण में निभायी ऐतिहासिक भूमिका
तेजस टूडे ब्यूरो
अभिषेक अमन
नई दिल्ली। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार दिल्ली के राजेंद्र भवन आईटीओ में आयोजित लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती समारोह में शामिल हुए। उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। कार्यक्रम छत्रपति शिवाजी महाराज सेवा समिति के महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री वर्मा के नेतृत्व में किया गया।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से सामाजिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट जन शामिल हुए। इसमें जनप्रतिनिधियों, पूर्व सांसदों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शिता और संगठन क्षमता से देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया, इसलिए आज आवश्यकता है कि जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। समारोह में राजमणि पटेल पूर्व मंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद, सर्वेश कटियार राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, धीरेंद्र मोहन कटियार राष्ट्रीय अध्यक्ष महासभा, अजय वर्मा, साध्वी डॉ. रेखा गुर्जर (माँ भारती), संरक्षक एवं कुलगुरु माँ, पूर्व सांसद धर्मराज सिंह पटेल, शालिनी पटेल, डॉ. राजश्री वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त गुजरात के अधिकारी डी.एम. कटिया, दिल्ली महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव रश्मि (आईएएस), छत्रपति शिवाजी महाराज सेवा समिति के सचिव अश्वनी कुमार, शिवहर के जिलाध्यक्ष पप्पू पटेल, पूर्व डीआईजी चंद्रिका प्रसाद, अनिल कुमार (बुक डिपो दिल्ली) एवं जनार्दन पाटील सहित विभिन्न राज्यों से आए अनेक पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। समारोह ने सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव, संगठन की मजबूती और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया। श्री कुमार ने इस आयोजन के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज सेवा समिति एवं महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महापुरुषों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और समाज में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर ही एक सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार कर सकते हैं।











