ट्रेन से युवक की हुई दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
गोरारी खलीलपुर के दक्षिण बस्ती में रेलवे पुल पर हुआ हादसा
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के गोरारी खलीलपुर गाँव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना से सनसनी फैल गई। गाँव की दक्षिण बस्ती स्थित रेलवे पुल पर ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गाँव निवासी सच्चिदानंद मौर्य पुत्र हरिवंश मौर्य के रूप में हुई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को ट्रेन संख्या 19045 ताप्ती गंगा एक्सप्रेस रेलवे पुल से गुजर रही थी। इसी दौरान सच्चिदानंद मौर्य ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही आस—पास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू किया।
मृतक सच्चिदानंद अपने पिता हरिवंश मौर्य का सबसे छोटा पुत्र था। वह अविवाहित था। परिवार के सबसे छोटे बेटे की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गाँव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक युवक के ट्रेन की चपेट में आने के कारणों का पता नहीं चल सका था। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।












