आर्केस्ट्रा देखने गये किशोर का नाले में मिला शव, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका
जगतपुर क्षेत्र के पूरे त्रिलोक गांव का है मामला, जांच में जुटी पुलिस
तेजस टूडे सं.
अनुभव शुक्ला
रायबरेली। जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र में आर्केस्ट्रा देखने गए 17 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर का शव प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाले में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं परिजनों ने किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह मामला जिले के जगतपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित पूरे त्रिलोक सिंह के पुरवा का है जहां का निवासी 17 वर्षीय प्रिंस पटेल, जो अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। उसके नाना फूलचंद वहां होटल चलाते हैं। पड़ोस के मोती का पुरवा गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम था जहां आर्केस्ट्रा का आयोजन हुआ था।
बताया गया कि सोमवार की रात प्रिंस वहां आर्केस्ट्रा देखने गया था और देर रात तक घर नहीं लौटा मंगलवार सुबह करीब 1 बजे प्राइमरी स्कूल के पीछे नाले में उसका शव मिला। ग्रामीणों के अनुसार उसके शरीर पर चोट और मारपीट के निशान थे। शव गांव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे स्थित नाले में मिला। सोमवार की रात आर्केस्ट्रा कार्यक्रम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता किशोर का काफी देर तक उसकी कोई जानकारी न मिलने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे।
इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाले में उसका शव दिखाई दिया। किशोर का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जगतपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाये। किशोर की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। किशोर के शव मिलने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
हर पहलू से जांच जारी, मृतक के परिजनों को मिलेगा न्याय: थानाध्यक्ष
इस बावत जगतपुर थानाध्यक्ष वागीश मिश्रा ने बताया कि किशोर के गायब होते ही तलाश में तत्काल पुलिस जुट गई थी। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर हर पहलू से जांच की जायेगी। मृतक किशोर के परिजनों को न्याय दिलवाऊंगा। यदि कोई आरोपी है तो उसे किसी भी हालत में बक्शा नहीं जाएगा।











