बिना तौल के हो रही गाड़ियों की एंट्री, गेट से लेकर अन्दर तक गन्दगी का अम्बार
तेजस टूडे ब्यूरो
गोण्डा। करनैलगंज नवीन मंडी स्थल में इन दिनों भ्रष्टाचार चरम पर है। योगी सरकार के भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश के दावे की यहां खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मंडी में नियमों को ताक पर रखकर मनमानी तरीके से वसूली का खेल चल रहा है। मंडी में आने वाली माल भरी गाड़ियों को बिना कांटा तौल के ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। इससे मंडी शुल्क की चोरी कर सरकार को लाखों के राजस्व का चूना लगाया जा रहा है। मंडी परिसर के मुख्य गेट से लेकर अंदर तक चारों तरफ कूड़े-कचरे और गंदगी का अंबार लगा है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है जिससे किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानी हो रही है।
अवैध दुकानों का कब्जा
मंडी परिसर के अंदर अवैध रूप से दुकानें लगाकर मनमाना किराया वसूला जा रहा है। वैध व्यापारियों में इसे लेकर भारी आक्रोश है। मंडी सचिव से लेकर सभी कर्मचारी अक्सर अपनी ड्यूटी से नदारद रहते हैं। सूत्रों के अनुसार पूरी मंडी एक निजी व्यक्ति के इशारे पर चल रही है। स्थानीय किसानों और व्यापारियों ने जिलाधिकारी गोंडा मंडलायुक्त देवीपाटन से मामले का संज्ञान लेकर भ्रष्ट कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई और मंडी की जांच कराने की मांग की है।











