HomeJaunpurकटरा बाजार में 2027 के चुनाव को लेकर सपा की तैयारी तेज

कटरा बाजार में 2027 के चुनाव को लेकर सपा की तैयारी तेज

  • कटरा बाजार में 2027 के चुनाव को लेकर सपा की तैयारी तेज

तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
कटरा बाजार, गोण्डा। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जोन दुबहा बाजार के सेक्टर कटुवानाला एवं नरायनपुर कला के बूथों की संयुक्त बूथ कमेटी बैठक जनता विद्यालय रायपुर में की गई। बैठक में पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे रहे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सपा विधानसभा अध्यक्ष वकार खां, सपा नेता विनोद शुक्ला तथा अधिवक्ता सभा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद शुक्ला एडवोकेट मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन पूर्व प्रधान राम प्रकाश पाण्डेय ने किया। संचालन विधानसभा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद गोस्वामी ने किया।
पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में तानाशाही का माहौल है, गरीबों की समस्याएं नहीं सुनी जा रही हैं और लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने महंगाई और टैक्स वसूली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल का जिक्र करते हुए क्षेत्र में पुल, सड़क और विद्यालयों की स्थापना सहित कराए गए विकास कार्यों को भी गिनाया।
सपा विधानसभा अध्यक्ष वकार खां ने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी बैजनाथ दुबे लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे और जनता के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में बैजनाथ दुबे कटरा बाजार से विधायक बनकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे। वहीं सपा नेता विनोद शुक्ला ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा,मैं बैजनाथ दुबे के साथ हूं और कदम से कदम मिलाकर चलूंगा। पार्टी में वरिष्ठता के क्रम में वह सबसे वरिष्ठ हैं। आगामी चुनाव में हम सभी उनके मार्गदर्शन में काम करेंगे। हमारे कार्यकर्ता और सपा के साथी इस बार कटरा में बदलाव के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
अधिवक्ता सभा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद शुक्ला ने भाजपा विधायक पर जमीन कब्जाने और दुकानदारों को उजाड़ने के आरोप लगाए। साथ ही कहा कि जनता इस बार बैजनाथ दुबे के समर्थन में खड़ी है और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प ले चुकी है। राष्ट्रीय सचिव रामकुमार शुक्ला, लेखराज यादव, अशोक तिवारी, रूप नारायण प्रजापति सहित अन्य नेताओं ने भी विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर भगवान प्रसाद दीक्षित, संतोष शुक्ला, पप्पू शुक्ला, मुन्ना सिंह, हृदय राम यादव, राजन तिवारी, कपिल दुबे, लल्लन शुक्ला, सत्य प्रकाश मिश्रा, फतेह बहादुर सिंह, रामनाथ चौधरी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read