सर्पदंश की शिकार हुई छात्रा की हालत खतरे से बाहर
बारिश के दिनों में सांप खेत—खलिहान से भागकर घरों में पहुंच रहे
सांप के काटने पर झाड़—फूंक से बच डाक्टर से सम्पर्क करें: डा. नरेन्द्र
तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर तहसील क्षेत्र के करौती गांव में देर रात 1:30 बजे लगभग 17 वर्षीय हाईस्कूल छात्रा कादम्बरी चौबे सर्पदंश की शिकार हो गई।
घटना उस समय हुई जब बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए वह अपने पक्के मकान की छत पर सोने जा रही थी। दरवाजे पर बैठे करैत (विषैले सांप) ने पैर दबने से उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद कादम्बरी जोर-जोर से चिल्लाने लगी। परिजनों ने टॉर्च की रोशनी में सांप को देखा जो पास ही बैठा था। सावन मास के कारण कुछ परिजन सांप को मारने से हिचक रहे थे लेकिन हालत देखकर सांप को मार दिया गया। इस दौरान कादम्बरी बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल रात 2 बजे खरिहानी बाजार स्थित आशीर्वाद क्लिनिक ले गये जहां उनका इलाज शुरू हुआ।सर्पदंश विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र पांडेय ने बताया कि कादम्बरी को विषैले करैत ने डसा था लेकिन समय पर इलाज के कारण उनकी हालत में सुधार है और वह अब खतरे से बाहर हैं। डॉ. पांडेय ने बताया कि सावन मास में धान की रोपाई के दौरान खेतों और खलिहानों में पानी भरने से सांप घरों में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़कर तुरंत नजदीकी चिकित्सक से संपर्क करें।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














