राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ ने माँगों को लेकर की बैठक
दीपक जायसवाल
वाराणसी। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश की पूर्वांचल परिक्षेत्रीय कमेटी द्वारा संगठन कार्यालय वाराणसी में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान परिचर्चा में उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन लि. व उसकी सहयोगी वितरण कंपनियों तथा उप्र पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लि. के अंतर्गत तकनीशियन (टीजी 2) से अवर अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) (सामान्य श्रेणी) के पदों पर मुख्य अभियंता हाइडिल उप्र पावर कॉरपोरेशन लि शक्ति भवन लखनऊ द्वारा वर्तमान में जारी चयन/प्रोन्नति प्रक्रिया में मृत हो चुके कार्मिकों, प्रोन्नति हेतु पूर्व में ही अपनी असहमति दे चुके कार्मिकों व पूर्व में अवर अभियंता पद पर प्रोन्नति पा चुके कर्मियों को शॉर्टलिस्ट किए जाने संबंधी अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त की गई। परिक्षेत्रीय कमेटी ने यह भी बताया कि ऊर्जा क्षेत्र की ही कंपनी उप्र राज्य विद्युत उत्पादन निगम लि द्वारा पूर्व में ही अंशकालीन अनुमति के आधार पर सायंकालीन/ रात्रिकालीन विधि से अर्जित आईटीआई प्रमाण पत्रों को तकनीशियन से अवर अभियंता पद पर प्रोन्नति हेतु अवैध/ अमान्य घोषित किए जाने के बावजूद भी ऐसे प्रमाण पत्र धारकों को मुख्य अभियंता हाइडिल द्वारा चयन हेतु शॉर्टलिस्ट किए जाने पर संवर्ग में अत्यंत निराशा व रोष व्याप्त है। पूर्वांचल परिक्षेत्रीय कमेटी ने बताया कि इस प्रकार चयन प्रक्रिया में अनियमितता बरते जाने के परिणामस्वरूप न सिर्फ प्रोन्नति हेतु पात्र व योग्य कार्मिकों को चयन से वंचित किया जा रहा है अपितु अनेकों कार्मिक माननीय न्यायालय की शरण लेने को विवश हो रहे हैं। पूर्वांचल अध्यक्ष सत्या उपाध्याय ने कहा कि अवर अभियंता एक तकनीकी पद है। पदोन्नति हेतु पात्रता सूची बनाने में इस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है लेकिन मात्र साक्षर, असहमत लोगों को शामिल कर योग्य लोगों को मौका देने से रोका जा रहा जो अन्याय पूर्ण है। उन्होंने अनुरोध किया कि पात्रता सूची में शामिल करने के लिये एक योग्यता निर्धारित की जानी चाहिए और उस योग्यता को पूरा करने वालो को ही शॉर्ट लिस्ट करना चाहिए। पूर्वांचल परिक्षेत्रीय कमेटी द्वारा ऊर्जा प्रबंधन से यह अपील की गई कि तकनीशियन से अवर अभियंता पद पर प्रोन्नति हेतु शार्टलिस्ट सूची में सुधार कर उस पर नियमानुसार आपत्ति प्राप्त किए जाने के उपरांत ही पारदर्शिता के साथ चयन पूर्ण किया जाए जिससे प्रोन्नति हेतु पात्र व योग्य कार्मिकों को चयन के समान अवसर प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर रामकुमार झा, अशोक पटेल, शिखर श्रीवास्तव, मुकुंद यादव, प्रभुनाथ, अखिलेश सिंह, अखिलेश मिश्रा, कमलेश पटेल, जयप्रकाश, रामजी मिश्रा, सत्यनारायण उपाध्याय, सुनील प्रजापति, जितेन्द्र यादव आदि उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










