बहनों ने भाई संग लगायी यमुना में डुबकी, यमफांस से मुक्ति की कामना
बहनों ने भाई संग लगायी यमुना में डुबकी, यमफांस से मुक्ति की कामना
आरके धनगर
मथुरा। यम द्वितीया पर्व पर गुरुवार सुबह से ही बहनों ने अपने अपने भाइयों संग यमुना में एक साथ डुबकी लगाकर अपने भाइयों को यम की फांस से मुक्ति कर प्रार्थना की। सुबह से ही मथुरा, वृंदावन और गोकुल के कई घाटों पर यमुना स्नान करने वालों की भीड़ लगी रही। इस अवसर पर स्नानार्थियों के लिए नगर निगम-पंचायतों ने कई प्रकार की व्यवस्थाएं की थीं।
गौरतलब है कि बीती शाम से ही भाई-दूज आने से यमुना के घाटों पर बहन भाइयों को एक साथ डुबकी लगाते हुए देखा गया था, यह सिलसिला रातभर चलने के बाद फिर गुरुवार को सुबह तड़के से ही यमुना घाटों पर स्नान करने वालों का तांता लग गया। मथुरा में विश्राम घाट, बंगाली घाट, यमुना पार आदि घाटों के अलावा वृंदावन में केशीघाट, गोकुल में ठकुरानी घाट, मुरलीधर घाट और ब्रह्मांड घाट आदि पर यमुना स्नान करने वालों की भीड़ सुबह से ही जुटने लगी। यम फांस से बचने के लिए भाई और बहनों ने एक साथ यमुना में डुबकी लगाई। इस दौरान भाई बहनों का भाव देखने योग्य था। बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु और कुशलता की मनौती मांग रही थीं, तो भाई भी उनको सदा सुखी रहने का आशीर्वाद प्रदान कर रहे थे।
यमुना स्नान करने वालों की सुविधा के लिए महिला चेंजिंग रूम, शौचालय आदि की व्यवस्था तो नगर निगम की ओर से की ही गई थी, साथ ही किसी अनहोनी से बचने के लिए यमुना में बैरिकेडिंग भी की गई थी। पुलिस की ओर से यमुना में स्टीमर चलाए गए थे जिन पर पुलिसकर्मी गोताखोरों के साथ तैनात रहे। सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे ने शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। इस दौरान जिलाधिकारी पुलकित खरे, एसएसपी अभिषेक यादव, नगर आयुक्त अनुनय झा, सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे, एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह, सीओ सिटी अभिषेक तिवारी द्वारा देररात से ही विश्राम घाट पर कैम्प कर यमद्वितीया का स्नान सकुशल सम्पन्न कराकर राहत की सांस ली। समाज सेवी संस्थाओं ने भी खोआ पाया शिविर लगाकर बिछड़ों को मिलवाया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।