श्रीकान्त शर्मा पहुंचे प्रियाकांत जू मन्दिर, देवकीनंदन महाराज से लिया आशीर्वाद
शिवलिंग महोत्सव के बीसवें दिन बने 5 लाख 1 हजार पार्थिव शिवलिंग
आरके धनगर
मथुरा। वृंदावन नगर में ठा. श्रीप्रियाकान्तजु मंदिर पर चल रहे सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग महोत्सव में शिवभक्तों ने 5 लाख एक हजार पार्थिव शिवलिंग बनाकर अभिषेक किया। महोत्सव में मथुरा-वृन्दावन विधायक श्रीकान्त शर्मा ने व्यासपीठ की आरती उतारकर देवकीनंदन महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। शनिवार को आयोजन में श्रीमद्भागवत श्रवण कराते हुये देवकीनंदन महाराज ने कहा कि मानव जीवन का पहला और अंतिम सत्य मृत्यु है। जिस क्षण भगवान द्वारा दी गयीं सांसे व्यक्ति पूर्ण कर लेता है, उसी पल आत्मा इस शरीर को छोड़ देती है। सारा धन, वैभव, अभिमान, और प्रसिद्धि कुछ भी काल को टाल नहीं पाते। अंत समय में केवल भगवान का नाम और भजन काम आता है।
पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मथुरा-वृन्दावन विधायक श्रीकांत शर्मा ने व्यासपीठ का पूजन कर भागवत जी की आरती उतारी। इससे पूर्व उन्होंने देवकीनंदन महाराज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष कार्यकाल में उपलब्धियों की पुस्तिका भेंट की। संस्था की ओर से देवकीनंदन महाराज ने उन्हें पटका पहनाकर स्मृति चिन्ह प्रदान किया। विभिन्न स्थानों से आये हुये श्रद्धालुओं का ब्रजभूमि पर स्वागत करते हुये पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि देवकीनंदन महाराज हमारे सनातन धर्म के गौरव हैं। जो सनातन परम्पराओं के प्रचार-प्रसार एवं जागरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले हमने इतिहास पढ़ा कि मुगलों ने सनातन संस्कृति के स्थानों के साथ हमारे अराध्य श्रीराम के पवित्र स्थान को तोड़ने का काम किया। लेकिन अब हम आगे इतिहास पढेंगे कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उस स्थान पर पवित्र श्रीराम मंदिर निर्माण करने का कार्य किया। आयोजन समिति के आचार्य चन्द्रप्रकाश शर्मा ने बताया कि 20वें दिन शिवभक्तों ने 5 लाख 1 हजार पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका अभिषेक किया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






