ब्रज की रज और ब्रज की महिमा की तरह गौ की सेवा भी पुण्यकारी: एके शर्मा
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने न्यू पागल बाबा विद्युत उपकेंद्र का किया लोकार्पण और गौ महोत्सव में किया सहभाग
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने विद्युत उपकेन्द्र परिसर में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
तेजस टूडे ब्यूरो
आरके धनगर
मथुरा। प्रदेश के मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग एके शर्मा ने शनिवार को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अंतर्गत वृंदावन स्थित न्यू पागल बाबा विद्युत उपकेंद्र का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान माननीय सांसद श्रीमती हेमा मालिनी भी उनके साथ उपस्थित रही।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्रीशर्मा ने कहा कि इस उपकेंद्र के संचालन से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी, उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में भी सुधार आएगा। ऊर्जा मंत्री ने विद्युत उपकेंद्र परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके उपरांत मंत्री एके शर्मा तुलसी तपोवन गौशाला, मावली, वृंदावन में विश्व जागरण मानव सेवा संघ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित गौ महोत्सव में सहभागी हुए। उन्होंने गौशाला के ‘गोकुल गृह’ खण्ड का उद्घाटन करते हुए कहा कि ब्रज की रज और ब्रज की महिमा की तरह गौ सेवा भी अत्यंत पुण्यकारी और लोकोपकारी है। श्री शर्मा ने गौ माता का पूजन-अर्चन कर उन्हें गुड़ खिलाया और गौशाला में अभिषेक पूजन कर सभी जनों के कल्याण की कामना की। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अपील की कि वे गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक चेतना से जुड़ें और सामाजिक सहभागिता को सशक्त करें। इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, अन्य गणमान्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु व नागरिकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, सादगी और सामाजिक सहभागिता की भावना के साथ सम्पन्न हुआ।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











