वरिष्ठ साहित्यकार राकेश वर्मा को मरणोपरांत मिला ‘शब्द सम्मान 2026’
तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार स्व. राकेश वर्मा को बुकवाला बुक कार्निवल 2026 में मरणोपरांत ‘शब्द सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके पुत्र प्रियांशु श्रीवास्तव तथा भतीजे प्रेषित श्रीवास्तव ने ग्रहण किया। लगभग 3 दशक तक पत्रकारिता, साहित्य और समाजसेवा में सक्रिय रहे राकेश वर्मा अपने समय के चर्चित हास्य एवं श्रृंगार कवि थे। उनके निधन के बाद उनकी रचनाओं को संकलित कर ‘कालचक्र : एक प्रारब्ध (1966-2020) पुस्तक का प्रकाशन दिशा इंटरनेशनल पब्लिशिंग हाउस नई दिल्ली से हुआ। यह पुस्तक देश के कई विश्वविद्यालयों के पुस्तकालयों हिंदी साहित्य के प्रमुख संस्थाओं तक पहुँच चुकी है तथा शोधार्थियों के लिए अध्ययन का विषय बन रही है। सम्मान ग्रहण करते समय प्रियांशु श्रीवास्तव भावुक हो गये। उन्होंने कहा कि साहित्य, कला और संगीत से जुड़ा रचनाकार अपनी कृतियों के माध्यम से सदैव जीवित रहता है। उन्होंने अपने पिता की साहित्यिक विरासत को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया। प्रियांशु श्रीवास्तव ने सम्मान के लिए बुकवाला के निदेशक मनीष गर्ग, ‘अर्ज है’ के संयोजक श्लोक श्रीवास्तव, अलीशा, रवीना, गरिमा, डॉ. सविनय, डॉ. अनुपम सिंह सहित पूरी आयोजन टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि यह आयोजन साहित्यकारों और रचनात्मक प्रतिभाओं को सम्मान देने का सराहनीय सामूहिक प्रयास है। कार्यक्रम में 29 अन्य साहित्यकारों को भी ‘शब्द सम्मान 2026’ प्रदान किया गया।













