HomeJaunpurJaunpur News: शाहगंज विधायक ने किया 316 कन्याओं का पूजन

Jaunpur News: शाहगंज विधायक ने किया 316 कन्याओं का पूजन

  • शाहगंज विधायक ने किया 316 कन्याओं का पूजन

  • छात्राओं को बांटे स्कूल बैग व स्टेशनरी किट

तेजस टूडे सं.
बृजेश यादव
खुटहन, जौनपुर। शारदीय नवरात्र पर क्षेत्र के बीआरसी परिसर में शुक्रवार को धार्मिक आस्था और शिक्षा के प्रोत्साहन का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां आयोजित समारोह में शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने 316 छात्राओं का विधि-विधान से पूजन करके उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान 12 देवियों के स्वरूप में सजी कन्याओं के पांव पखारे गए और आरती उतारकर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य पंडित सुभाष चंद्र उपाध्याय के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधायक रमेश सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्री सिंह ने कहा कि सनातन परंपरा में कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है। शारदीय नवरात्र का पर्व हमें नारी शक्ति के सम्मान, बालिकाओं के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण का संदेश देता है। उन्होंने समाज के लोगों से बालिकाओं की शिक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने की अपील किया।
पूजन कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने सभी 316 छात्राओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। साथ ही उनके शैक्षणिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्कूल बैग और स्टेशनरी किट वितरित की। शैक्षणिक सामग्री पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। धार्मिक अनुष्ठान के साथ शिक्षा को बढ़ावा देने की इस पहल को कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण माना गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विपुल उपाध्याय, भाजपा नेता नरेंद्र उपाध्याय, बसंत मौर्य, रोहित सिंह, राकेश सिंह, अवनीत सिंह समेत सैकड़ों शिक्षक, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Must Read