HomeJaunpurJuanpur News: फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कालेज में मनी डा. अब्दुल कलाम...

Juanpur News: फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कालेज में मनी डा. अब्दुल कलाम की जयन्ती

  • फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कालेज में मनी डा. अब्दुल कलाम की जयन्ती

  • यूजीसी नेट में सफल छात्राओं सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं किये गये सम्मानित

तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज तालीमाबाद सबरहद में भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक एवं ‘मिसाइल मैन’ के नाम से प्रसिद्ध भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 95वीं जयंती उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम को विश्व छात्र दिवस के रूप में मनाते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया गया। इस अवसर पर यूजीसी नेट परीक्षा में सफल छात्राओं तथा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न विषयों एवं पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक नासिर जमाल शेख ने किया जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मुंबई से आईं रजिया शेख उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन से सीख लेकर विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन एमए उर्दू के छात्र हैदर ने किया। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम संयोजिका कहकशां खान के साथ महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर सभी ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
समारोह में महाविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें भाषण, निबंध लेखन, विज्ञान मॉडल व क्विज प्रतियोगिता रहीं। प्रतियोगिताओं में अक्सा जुबैर समर, अरमान हुसैन, मंतशा, मतलूब, रशीदा, साबिर सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
मुख्य अतिथि रजिया शेख और महाविद्यालय के प्रबंधक नासिर जमाल शेख ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन करने वाली छात्राओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।

 

 

 

 

 

Must Read